अमेरिका ने मांगी माफी कहा "काबुल एयर स्ट्राइक में 10 निर्दोष मारे गए"

काबुल एयरपोर्ट पर हमला करने वाले आतंकियों को मारने के लिए अमेरिकी एयर स्ट्राइक में 10 बेगुनाह नागरिकों की मौत हो गई थी। अमेरिका ने अपनी इस गलती को मान लिया है और उसने इसके लिए माफी भी मांगी है। अमेरिका रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में 29 अगस्त को किए एक ड्रोन हमले में 7 बच्चों सहित 10 बेगुनाह नागरिकों की मौत हुई है और ऐसी कोई आशंका नहीं है कि वह आईएसआईएस-के से जुड़े हुए थे या अमरीकी सेना के लिए खतरा थे। पेंटागन में जनरल केनेथ मैकेंजी ने कहा कि यह एक गलती थी और मैं गंभीरतापूर्वक माफी मांगता हूं।

पेंटागन ने बताया कि अमरीकी खुफिया एजेंसी ने 8 घंटे तक उस व्यक्ति की कार को ट्रैक किया था क्योंकि इसे आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट खुरासान से जुड़े एक परिसर में देखा गया था। जांच में पाया गया कि कार की गति विधि काबुल हवाई अड्डे पर हमले के लिए आतंकवादी समूह की योजनाओं के बारे में खुफिया एजेंसियों को मिली सूचना से काफी हद तक मेल खाती है। इसी दौरान एक निगरानी ड्रोन ने कुछ लोगों को कार के ट्रक में विस्फोटक लोड करते हुए देखा, लेकिन बाद में जांच में वह पानी के कंटेनर निकले।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने